सीवन गेट स्थित गैस एजेंसी से गैस न मिलने के कारण लोग भड़क उठे तथा लोगों ने रोष जताना शुरू कर दिया। लोगों के गुस्से को देखते हुए स्टॉफ सदस्य खिसक लिए। बाद में सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस एजेंसी से उन्हें गैस सिलेंडर लेने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पहले तो बुकिंग के लिए कई घंटे बर्बाद करने पड़ते हैं, फिर सिलेंडर लेने के लिए कई दिन का इंतजार करना पड़ता है। इसके बाद जब नंबर आता है तो ट्राली से सिलेंडर लेने के लिए कई घंटे का इंतजार करने के बाद सिलेंडर मिल पाता है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि एक तो उन्हें 15 से 20 दिन तक बुकिंग करवाने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिलते, दूसरा जब सरकार ने सस्ता सिलेंडर लेने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य नहीं मानने की बात कही है तो इसके बावजूद उन्हें 1146 रुपये की पर्ची काटकर दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड जमा करवाकर उन्होंने भारी गलती कर ली है। जिन्होंने आधार कार्ड नहीं जमा करवाए उन्हें 416 रुपये में सिलेंडर मिल रहा है जो दूसरे उपभोक्ताओं के साथ धोखा है। उपभोक्ता ओमप्रकाश, मेशी, पवन कुमार ने कहा कि 416 रुपये का सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
आधार कार्ड जमा करवाने वाले उपभोक्ताओं का क्या कुसूर है। उन्हें पूरे पैसे देने पड़ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को तो महीने तक भी गैस के लिए इंतजार करना पड़ता है। पुलिस कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत करवाया। इस संबंध में डीएफएससी का कहना है कि मंत्रालय द्वारा शीघ्र ही आधार कार्ड के संबंध में फैसला लिया जाएगा। उपभोक्ताओं कोई समस्या है तो वह उसका समाधान करवाएंगे।