इंद्री। गांव उड़ाना में रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार रवि की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वाहन कब्जे में ले लिया है।
गांव उड़ाना निवासी राजबीर ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे उनके चाचा का बेटा रवि साइकिल से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान हेबतपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। रवि ट्रॉली के पिछले पहिये के नीचे आ गया।
परिजन ने गंभीर हालत में रवि को निजी वाहन से कुरुक्षेत्र के अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे आदेश अस्पताल, कुरुक्षेत्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी सुभाष चंद ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।