संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बाल भवन में चल रहे चार दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को समूह नृत्य, गायन, ड्रामा, स्केचिंग और कैंडल सज्जा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला कल्याण परिषद की ओर से आयोजित महोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति से महाराष्ट्र, ओडिशा, बंगाल, हरियाणा, पंजाब और गुजराती संस्कृति से परिचय कराया। अलग-अलग राज्यों की परंपराएं और परिधान को समूह नृत्य में दर्शाया गया।
मुख्य अतिथि मेयर रेणु बाला ने कहा कि बच्चे भविष्य के कर्णधार होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू चौधरी ने बताया कि हर वर्ष जिला स्तरीय बाल महोत्सव करवाया जाता है ताकि हर वर्ग के विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारा जा सके। राज्य कवि भारत भूषण, संतोष बक्शी, शिवाली राज, हरजिंदर, परवीन शर्मा, अशोक कुमार, रीति, सुनीता पसरीचा, सुभाष चंद और सुनीता राठी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।