जिले मे फाने जलाने की सूचना संबंधित अधिकारियों को न देने के आरोप में डीसी ने एक ग्राम सचिव व तीन पटवारियों को सस्पेंड कर दिया है। गांव सिरसी के ग्राम सचिव सुरेंद्र द्वारा गांव में फाने जलाने की सूचना डिप्टी डायरेक्टर कृषि विभाग को न देने के आरोप में और इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में डीसी मंदीप सिंह बराड़ ने ग्राम सचिव को सस्पेंड कर दिया है।
वहीं गांव गढ़ी गुजरान के पटवारी रविंद्र्र कुमार, जनेसरों के राजेश कुमार और रामपुर कटाबाघ के पटवारी प्रमोद कुमार को भी धान के फाने जलाने की सूचना संबंधित तहसीलदार को न देने के आरोप में डीसी मंदीप बराड़ ने सस्पेंड कर दिया। अभी तक जिले में फाने जलाने के आरोप में पांच एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और किसानों पर 57 हजार पांच सौ रुपये का जुर्माना भी किया जा चुका है। डीसी ने बताया कि फाने जलाकर भूमि की उपजाऊ शक्ति को कम करने का काम करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अगर कोई अधिकारी सूचना देने में कोताही बरतता है तो उसके खिलाफ भी तुरंत कार्रवाई की जाएगी।