हरियाणा के करानल में विदेश जाने के लिए महिला ने शादी द्वारा साजिश रचने का मामला सामने आया है। दो युवकों से शादी की और बाद में जर्मनी फुर्र हो गई। महिला को वापस लाने के लिए ससुराल पक्ष के लोग संपर्क कर रहे हैं, मगर महिला ने नाता तोड़ दिया। जबकि ससुराल पक्ष के लोगों ने बैंक से लोन और प्लॉट बेचकर जर्मनी में पढ़ाई करने के लिए महिला को भेजा था।
ताकि पढ़ाई कर वह भविष्य को संवार सके, लेकिन जर्मनी जाने के बाद महिला और उसके परिवार की हरकतों के बारे में पता चला। पीड़ित पक्ष ने महिला समेत आठ लोगों पर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कराया है।
आरके पुरम निवासी राजीव ने बताया कि 2020 में पिता के पास उनके जान-पहचान वाली रेखा नाम की महिला आई। महिला ने कहा कि उसके पास काजल नाम की लड़की है। जिसके परिवार के लोग शादी करना चाहते हैं। कहा कि राजीव लड़के के लिए यह अच्छा रिश्ता है। युवक के पिता ने रिश्ता मंजूर कर लिया।
जिसके बाद राजीव और काजल की 20 अक्तूबर को मॉडल टाउन गुरूद्वारे में दोनों की शादी की गई। तहसील से शादी का पंजीकृत प्रमाण-पत्र भी मिला। शादी के कुछ दिन बाद पत्नी ने युवक से कहा कि वह विदेश जाने की तैयारी कर रही है। विदेश जाने के लिए काफी खर्च आएगा। पैसों का इंतजाम करना होगा।
जिसके बाद ससुराल वालों ने बैंक से लोन और प्लॉट बेचकर 27 लाख रुपये जोड़कर महिला को पढ़ाई करने के लिए जर्मनी भेज दिया। कॉलेज में फीस और रहने का खर्च सब कुछ एडवांस में जमा करवा दिया। विदेश जाने के बाद महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत करना भी बंद कर दी। पति का आरोप है कि विदेश जाने के बाद महिला ने रिश्ता तोड़ दिया।
कहा कि विदेश जाने के लिए उसने और उसके मायके वालों ने साजिश रची। धोखाधड़ी होने पर पति राजीव ने पत्नी काजल, महिला की मां बेबी, भाई मोनू, बिचौलिया रेखा, मौसी प्रोमिला, मौसा शलिंद्र समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
बेटी की परवरिश में जुटा परिवार
महिला को बेटी का भी रहम नहीं आया। आरोप है कि उसने पति और उसके परिवार के साथ-साथ बेटी से भी नाता तोड़ दिया है। ऐसे में पीड़ित परिवार बेटी की परवरिश में लगा हुआ है। महिला के पास फोन करते हुए तो उसने संपर्क साधना भी बंद कर दिया।
महिला ने पैसों के लिए पहले पति को छोड़ा
आरोपी महिला ने विदेश जाने के लिए तीन अगस्त 2017 में इंद्री के कलसौरा निवासी निर्मल सिंह से भी शादी की थी। अरोप है कि महिला विदेश जाना चाहती थी, मगर निर्मल सिंह के पास पैसे नहीं थे। बाद में महिला ने शादी तोड़ दी। पहले पति को छोड़कर पैसे वाले व्यक्ति की तलाश में लग गई।