करनाल के हेरिटेज ठेके के पास से सब्जी लेकर वापस अपने घर विकास कॉलोनी लौट रहे एक युवक को एक बाइक पर बैठे दो अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट लेना महंगा पड़ गया। दोनों व्यक्ति उसे विकास कॉलोनी छोड़ने की बजाय रसुलपुर खुर्द नहर पर ले गए और वहां पर उसके साथ मारपीट कर नकदी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दो व्यक्ति बाइक पर आए और कहा कि उसे आगे तक छोड़ देंगे
विजय नगर गाजियाबाद निवासी राहुल भट्ट ने सेक्टर-चार चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में हेरिटेज के पीछे विकास कॉलोनी करनाल में अपने जीजा भोला वर्मा के पास रहता है। चार जुलाई मंगलवार को वह हेरिटेज ठेके के पास बनी एक सब्जी की दुकान से सब्जी लेने गया था। जब वह पास आ रहा था तो उसके पास दो व्यक्ति बाइक पर आए और उसे कहा कि वे भी विकास कॉलोनी की तरफ जा रहे है तो वे उसे भी छोड़ देंगे।
पीड़ित के अनुसार
उनके कहने के बाद वह उनकी बाइक पर बैठ गया वे उसे विकास कॉलोनी की बजाय रसुलपूर खुर्द नहर पुल पर ले गए और वहां उन दोनों व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी जेब से 16 हजार 400 रुपये जबरदस्ती छीन लिए और उसे वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित पैदल-पैदल अपने घर पहुंचा और उसके साथ हुई घटना की बात अपने परिजनों को बताई।
जांच अधिकारी के अनुसार
पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात दो लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
-शिव चरण, चौकी प्रभारी, सेक्टर-चार, करनाल।