अभिलेखागार विभाग द्वारा स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को कुमारी विद्यावती आनंद डीएवी महिला महाविद्यालय में दुर्लभ एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों की दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। बलदेव सिंह सहायक निदेशक अभिलेखागार हरियाणा ने बताया कि प्रदर्शनी विद्यार्थियों और आम जनता के लिए दो दिन तक खुली रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में 1808 के नक्से में हरियाणा से संबंधित स्थानों को दर्शाया गया है, 1836 में शमशुद्दीन खान को मिस्टर फ्रेजर की हत्या के जुल्म में फांसी की सजा, 1857 में अंबाला छावनी में आगजनी की घटनाओं की रिपोर्ट, 10 मई 1857 को अंबाला में 5वीं और 60वीं रेजिमेंटों द्वारा शस्त्र उठाने की रिपोर्ट, 1857 में हिसार के कलेक्टर मि,. वैडरर्न की उन्हीं की कचहरी में हत्या की सूचना का पत्र, 31 अक्तुबर, 1857 को झज्जर के किले में पाये गये खजाने की रिपोर्ट, आखिरी मुगल बादशाह बहादुरशाह जफर के गहनों की सूची, लाला हुकम चंद जैन को फांसी देना, भारतीयों द्वारा अंग्रेजों को सलामी देने के आदेशों की प्रति, कोर्ट हाउस में मंदिरों तथा मस्जिदों के बनाने पर प्रतिबंध, 11 अप्रैल, 1919 के बंबई क्रोनिकल अखबार में 10 अप्रैल 1919 को महात्मा गांधी की पलवल में हुई गिरफ्तारी का विस्तृत समाचार, 1930 में आर्य समाज हाई स्कूल, शाहबाद के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय आंदोलन में भाग लेने की रिपोर्ट, 26 जनवरी, 1930 को स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने और नगर आयुक्त, सोनीपत द्वारा राष्ट्रीय झंडा फहराने की रिपोर्ट और विदेशी कपड़ों के बहिष्कार करने के संबंध में रिपोर्ट आदि प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि उपरोक्त के अतिरिक्त प्रदर्शनी में बहादुर शाह जफर, झज्जर के नवाब अब्रदुर रहमान खान, बल्लबगढ़ के राजा नाहर सिंह, भगत सिंह हुकम चंद जैन आदि के फोटोग्राफ भी प्रदर्शित किए जायेंगे।