अंबाला से करनाल रेलवे स्टेशन पर पहुंचे प्रेमी जोड़े को जहर देकर मारने के मामले में जीआरपी ने लड़की के ताऊ, चाचा व भाई के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बृहस्पतिवार को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दोनों शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए। प्रेमी जोड़ा चचेरे भाई बहन हैं और मुज्जफरनगर जिले के गढ़ी हसनपुर गांव के रहने वाले हैं। दोनों में तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था और घर वालों को इसका पता था। 15 से 16 दिन से घर से फरार थे और बुधवार को करनाल रेलवे स्टेशन पर लड़की के परिजनों ने इनको पकड़ लिया। गढ़ी हसनपुर वासी संजय कुमार (21) व बोहती देवी (18) के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। संजय पहले से शादीशुदा था और उसे एक लड़का भी है। मजिस्ट्रेट के सामने बुधवार को प्रेमी जोड़े ने बयान दिए थे कि वह अंबाला से करनाल आए थे। रेलवे स्टेशन पर लड़की के ताऊ सहित नौ लोगों ने उन दोनों को पकड़ लिया। आरोप लगाया कि गाड़ी में बैठाकर इनको जहर पिलाया गया और इन्हें छोड़ गए। दोनों पुलिस के सामने पहुंचे और अस्पताल में दाखिल करवाया। इलाज के दौरान बुधवार को ही लड़का व लड़की की मौत हो गई। जीआरपी के प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि संजय कुमार के पिता महिपाल की शिकायत पर लड़की के ताऊ जसबीर, चाचा धुम सिंह, भाई ओम सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के आधार पर जांच में अन्य आरोपियों को शामिल करके कार्रवाई की जाएगी।