शहर के गोंदर रोड स्थित बर्फ फैक्ट्री के पास स्कूूल बस व बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोंदर निवासी मृतक के बड़े भाई दविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 18 वर्षीय छोटा भाई रविंद्र निसिंग स्थित अनाजमंडी में एक दुकान पर मुनीम था। बाइक पर सवार होकर निसिंग की ओर आ रहा था। गोंदर गांव से दो स्कूली छात्र भी लिफ्ट लेकर बाइक पर सवार हो गए। बुधवार सुबह करीब आठ बजे गोंदर रोड पर बर्फ फैक्ट्री के पास सामने से आ रही निजी स्कूल की एक बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें मुनीम रविंद्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र भी काफी चोटें लगने गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए स्थानीय सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद करनाल रेफर कर दिया गया। घायल छात्रों में गोंदर निवासी 15 वर्षीय विशु और 17 वर्षीय शिवा हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर बस चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार गार्ड की मौत
करनाल। गांव सलारू के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से गन्ना फार्म बलड़ी में कार्यरत गार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। गांव कुराली वासी अशोक कुमार ने बताया कि उसका पिता महेंद्र (51) गांव बलड़ी स्थित गन्ना फार्म में गार्ड के पद पर तैनात था। मंगलवार रात को ड्यूटी खत्म कर साइकिल से गांव जा रहा था। जैसे ही वह गांव सलारू के रजवाह के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।