करनाल जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को शहर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचाया।
जांच अधिकारी जयभगवान ने बताया कि शनिवार देर रात को मोहित (20) वासी सांतडी इंद्री से अपने गांव जा रहा था। बुढ़ेडी गांव के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां इलाज के दौरान इसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दूसरा हादसा कुरुक्षेत्र के गांव कमोदा के पास हुआ। जांच अधिकारी जुगल किशोर ने बताया कि बीते नौ जून को सुमित वालिया (25) वासी फतेहपुर, पत्नी सोनी (25) के साथ पोलो गाड़ी में कुरुक्षेत्र से अपने गंतव्य फतेहपुर पूंडरी की ओर जा रहे थे। कमोदा गांव के पास उनकी गाड़ी की खड़े कैंटर में टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों को इलाज के लिए करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह सोनी (25) ने दम तोड़ दिया। जबकि सुमित का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।