दिल्ली से सटे कौशांबी के लोगों को अब एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाना इंदिरापुरम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लोग कौशांबी पुलिस चौकी पर ही एफआईआर करवा सकेंगे। कौशांबी बॉर्डर पर डग्गामार बसों की मनमानी और इलाके में हुए अतिक्रमण को भी 15 दिन में समाप्त कर दिया जाएगा। यह बातें रविवार को कौशांबी स्थित एक होटल में 24 सोसायटीज के प्रतिनिधियों के सामने आईजी मेरठ जोन सुजीत पांडेय ने कहीं।
कौशांबी अपार्टमेंट रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (कारवा) ने आईजी के साथ पुलिस-पब्लिक मीट का आयोजन किया। मीट में लोगों ने कौशांबी में बढ़ते अपराध, अतिक्रमण, बॉर्डर पर डग्गामार बसों से लगने वाले जाम और एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाना इंदिरापुरम का चक्कर लगाने जैसी शिकायतें रखीं।
आईजी ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही लोग कौशांबी चौकी पर ही एफआईआर दर्ज करवा सकेंगे। इसके लिए उन्हें कुछ समय चाहिए। साथ ही 15 दिन में इलाके की अतिक्रमण की समस्या और डग्गामार बसों पर भी पूरी तरह रोक लगा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के लिए सीधे उनके सीयूजी मोबाइल नंबर पर वॉट्स एप कर सकते हैं।
तत्पर एप पर दें किसी भी अपराध की सूचना
आईजी ने बताया कि लखनऊ और नोएडा की तर्ज पर गाजियाबाद में भी जल्द ही पुलिस तत्पर एप लांच करने जा रही है। एंड्रॉयड प्ले स्टोर से इस एप को डाउनलोड कर किसी भी अपराध की सूचना देने के लिए सिर्फ तीन सेकेंड तक इस पर क्लिक करना होगा।15 सेकेंड में पुलिस कंट्रोल रूम तक आपकी लोकेशन पुलिस के पास होगी। अगले 10 मिनट में पुलिस अपराध पर एक्शन लेगी।
मोहन नगर टू दिल्ली होगा जीरो कट जोन
मोहन नगर से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को अब अवैध कटों पर जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। आईजी ने बताया कि जीटी रोड पर यू टर्न बनाकर इसे जीरो कट जोन बनाया जाएगा। इतना ही नहीं प्रेशर हॉर्न बजाने वाले ट्रक और बस चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें सीज किया जाएगा। उन पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।
100 नंबर लगाते ही सीधे लखनऊ कंट्रोल रूम जाएगी कॉल
आईजी सुजीत पांडेय ने बताया कि सितंबर-अक्टूबर से प्रदेश का हर जनपद डॉयल 100 से जुडने जा रहा है। हर जनपद का सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम लखनऊ होगा। शहरी क्षेत्र में किसी भी सूचना के 15-18 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंचेगी। ग्रामीण क्षेत्र के लिए यह समय 22-25 मिनट होगा। बॉर्डर एरिया के 54 प्वाइंट्स को चिन्हित किया जा चुका है जहां पर पुलिस बूथ बनाया जाएगा। कौशांबी स्थित एक मॉल में चल रहे बार को भी पुलिस बंद करवाएगी।