गांव नेवल के पास पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बनाने वाले छह आरोपियों को हथियारों सहित पुलिस की सीआईए टू शाखा टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की हुई गाड़ी, बाइक और हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से सभी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ करेगी। एसपी जेएस रंधावा ने बताया कि सीआईए टू इंचार्ज आजाद को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव नेवल के पास खेतों में विरान में बने एक मकान में कुछ लोग हथियार के साथ मौजूद हैं और सभी वहीं से कुछ दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप को लूटने और अन्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद सीआईए टू इंचार्ज आजाद ने एक टीम को नेवल गांव स्थित मकान की घेराबंदी की। इसके कुछ देर बाद पुलिस टीम ने कुशलता का परिचय देते हुए योजनाबद्ध तरीके से आरोपी राजेंद्र वासी नगला फार्म, पवन वासी शेखपुरा, धर्मबीर वासी चुंडीपुर, दिलनवाज वासी बुंदूगढ़ जिला सहारनपुर यूपी हाल कुंजपुरा, कुलदीप वासी कुंजपुरा, तौफीक वासी अंबेहटा जिला सहारनपुर यूपी को पेट्रोल पंप लूटने की योजना बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर की तीन अवैध देसी पिस्तौल, तीन जिंदा राउंड, एक सेंट्रो कार, दो बाइक, तीन सरिये, एक बैटरी भी बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई वारदातें कबूली हैं।