करनाल जिले के औंगद गांव के विजय राणा की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चार आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। तीन दिन के रिमांड के दौरान आरोपियों से चाकू, लोहे की रॉड और बाइक बरामद करनी है और फरार आरोपी रजत उर्फ शेट्टी वासी बजीदा जट्टान को गिरफ्तार करना है। यह जानकारी एसपी पंकज नैन ने सीआईए वन कार्यालय में प्रेसवार्ता कर दी।
बस स्टैंड एरिया में एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बारहवीं कक्षा के छात्र विजय राणा की 20 जुलाई को चाकुओं से गोदकर हत्या की गई। एसपी पंकज नैन ने बताया कि लड़की के चक्कर में वारदात की गई थी। इसमें विजय राणा वासी औंगद और अंकुश वासी सिरसी घायल हो गए थे और विजय की मौत हो गई। इस मामले में पीड़ितों ने नामजद सहित केस दर्ज कराया था, लेकिन जांच में एफआईआर में कुछ आरोपी अलग मिले हैं। पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करते हुए असल आरोपियों को पकड़ा है।
सीआईए वन ने आरोपी सुमित वासी बजीदा जट्टान, विवेक वासी बजीदा जट्टान, विकास वासी बजीदा जट्टान, रजत वासी कतलाहेडी को करनाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।
झगड़े का मुख्य कारण एक आरोपी की बहन का पीछा करना रहा। वारदात से एक दिन पहले विजय को चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन अगले दिन पांचों आरोपियों ने मिलकर चाकुओं से वार करके विजय निवासी औंगद को मौत के घाट उतार दिया था। शनिवार को पुलिस की शाखा सीआईए वन के निरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने एएसआई रणधीर और अन्य साथियों के साथ गुप्त सूचना के आधार पर विजय की हत्या के आरोपी सुमित, विवेक, विकास, रजत को करनाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एक आरोपी की बहन को तंग करने के आरोप में इनमें चाकू चले।
चारों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से हत्या में प्रयोग किया गया चाकू, लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल बरामद की जाएगी। उन्होंने बताया कि हत्या में संलिप्त हत्या के फरार आरोपी रजत उर्फ शेट्टी को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
सभी आरोपी युवा
एसपी पंकज नैन ने बताया कि चाकुओं से हमला करने वाले सभी आरोपी युवा हैं। इनमें कुछ आरोपी शिक्षा संस्थानों में पढ़ाई कर रहे थे। बहन का पीछा करने पर सभी पांचों दोस्तों ने प्लानिंग बनाई और वारदात को अंजाम दे दिया।