प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
- फोटो : अमर उजाला
करनाल जिले के गांव उचाना के एक प्रेमी जोड़े ने रेलगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रख दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार का तनाव पैदा न हो।
पुलिस को रविवार सुबह 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उचाना के पास स्थित नहर के पुल के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन से कटे हुए शव पड़े हैं। मौका पर जाकर देखा तो वहां पर युवक व युवती के दो शव मिले। इनकी पहचान कुमकुम (18) निवासी उचाना और ममरेज (20) निवासी उचाना के रूप में हुई। पुलिस का कहना है दोनों रात 1 बजे घर से निकले थे।
आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने रेलगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। मामला प्रेम प्रसंग का है, लेकिन विशेष कारणों का पता नहीं लग पाया है। कुमकुम ने हरियाणा ओपन से दसवीं की परीक्षा दी हुई थी, जबकि ममरेज जीटी रोड पर किसी ढाबे पर काम करता था। दोनों के शवों को मेडिकल कालेज के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। मामले की जांच कर रही भूप सिंह ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।