करनाल के घरौंडा शहर में सर्विस रोड थाना से करीब 200 मीटर दूर एक मोबाइल की दुकान के बाहर बाइक सवार दो युवकों ने फायर कर दिया। दुकान के शीशे के कट पर गोली चलाई गई। जिससे शीशा टूट गया। गोली की आवाज सुनकर अफरा तफरी मच गई और बाइक सवार दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। सूचना मिलने पर घरौंडा थाना पुलिस व सीआईए की टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को लगभग एक बजे जेएमडी मोबाइल शॉप के बाहर बाइक पर सवार दो युवक आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल निकाली और दुकान के सामने गोली चलाई लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद उसने दोबारा गोली चलाई तो वह गोली दुकान के शीशे पर लगी। जिससे दुकान का शीशा टूट गया। दुकान के अंदर ग्राहक डर गए।
कुछ देर बार दुकान का मालिक व अन्य लोग मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। दुकानदार नीरज गुप्ता का कहना कि कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं हे। लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन है, इसलिए शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध हो। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजपाल सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन दिन पहले भी किसान से की थी लूटपाट
बता दें कि तीन दिन पहले भी गांव मूनक के किसान गुरदीप सिंह से 25 हजार की लूटपाट हो गई थी। किसान मंडी से 75 हजार रुपये लेकर घरौंडा से अपने गांव जा रहा है।
मोबाइल की दुकान के बाहर गोली चलाने के मामले में सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर दोनों बदमाशों की पहचान की जा रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-राजपाल, थाना प्रभारी घरौंडा।