हरियाणा के करनाल में दिल्ली की रहने वाली युवती की असंध स्थित ब्लू होटल में गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार रात होटल से युवती का शव बरामद किया है। उसके गले पर चोट के निशान मिले हैं। अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि फेसबुक के जरिए युवती की सोनीपत के एक युवक से जान पहचान हुई थी। इस मामले में युवती के प्रेमी सहित दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली के तिलक नगर की रहने वाली युवती का सोनीपत के कामी गांव निवासी मनोज के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी के कहने पर वह दिल्ली से असंध स्थित ब्लू होटल में आई थी। रविवार की रात होटल के स्टाफ ने कमरे में युवती का शव देखा।
जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने उसकी गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि की है। मृतक युवती की बहन ने असंध थाने में आरोपी प्रेमी के खिलाफ शिकायत दी है। जिसके आधार पर केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
दो दिन पहले कॉल पर मनोज ने शादी से किया था इंकार
पुलिस के अनुसार युवती आरोपी मनोज से शादी करना चाहती थी। दो दिन पहले भी युवती ने मनोज को कॉल कर शादी करने के लिए कहा था, मगर उसने इंकार कर दिया था। जिसे लेकर युवती गुस्से में थी। आरोप है कि सोनीपत निवासी मनोज ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया। लंबे समय से उनका प्रेम प्रसंग चल रहा था और अब युवती शादी पर अड़ी थी। बताया जा रहा है कि दोनों के परिजनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था, लेकिन युवक के परिजनों ने भी शादी से इंकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
युवती का सोनीपत के युवक मनोज के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। होटल में युवती का शव मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
- मनजीत सिंह, एसएचओ, असंध थाना