हरियाणा के करनाल ईद से गायब युवक का शव रविवार की सुबह शेखपुरा गांव के जंगल में सूखे हुए जोहड़ से मिला। लोगों की सूचना पर पुलिस एवं एफएसएल की टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दूसरी ओर मामले में परिजनों ने युवक के हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि ईद के दिन एक फोन आने के बाद वह घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा।
शेखपुरा निवासी कमालुद्दीन ने बताया कि उसका बेटा आजम (25) ईद मनाने के लिए दोस्तों के साथ गया था। दिनभर वह दोस्तों के साथ रहा और शाम को घर लौटा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद घर से चला गया और तब से घर नहीं लौटा था। उसने बेटे की काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
थक हारकर उसने अगले दिन पुलिस में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद रविवार को लोगों ने शेखपुरा के सूखे पड़े जोहड़ में बेटे का शव देखा, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने कमालुद्दीन से बेटे की शिनाख्त कराने के बाद मौके से सबूत एकत्रित किए। पुलिस का कहना है कि अभी आजम की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। परिजनों ने भी फिलहाल किसी से रंजिश होने से इंकार किया है।
मोबाइल की कॉल डिटेल से लग सकता है अहम सुराग
परिजनों ने पुलिस को बताया है कि एक फोन आने के बाद आजम घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। ऐसे में पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, उसके गायब होने से पहले आई सभी कॉल की जांच की जाएगी, जिससे अहम सुराग हाथ लग सकता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। मामले में पिता ने हत्या की आशंका जाहिर की है, इस पहलू पर गहनता से जांच की जा रही है। मृतक का मोबाइल बरामद नहीं हो सका है, लेकिन नंबर के आधार पर उसकी काल डिटेल खंगाली जा रही है।
- जमशेर सिंह, एसएचओ, सदर थाना