जिले में इन दिनों गो तस्करों के हौसले बुलंद है। मंगलवार को यमुना नदी किनारे स्थित गांव मुस्तफाबाद के पास गो तस्करों ने दिनदहाड़े गो रक्षकों पर फायरिंग कर दिया, गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। बता दें कि दो दिन पहले गो तस्करों पुलिस की गाड़ी पर पथराव और गाड़ी को टक्कर मारकर फरार हो गए थे। दिनदहाड़े फायरिंग के बाद गो रक्षकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सदर थाना प्रभारी ललित ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कैंटर से बैलों को उतारकर गोशाला में पहुंचा दिया।
पुलिस जांच अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि कि सुबह दस बजे कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि यमुना के किनारे लगते गांव मुस्तफाबाद के पास गो तस्कर दस बैलों को एक कैंटर में लेकर यूपी की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान उनका कैंटर यमुना के पास पानी में धंस गया। इसकी सूचना गो रक्षकों को लगी तो उन्होंने तस्करों को रोकना चाहा। इस पर गो तस्करों ने उन पर फायरिंग कर दी। तस्कर धंसे हुए कैंटर को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पहले भी कई बार फायरिंग कर चुके हैं तस्कर
पुलिस पर बढ़ती फायरिंग की घटनाओं के बाद एसपी जेएस रंधावा ने यमुना घाट पर पुलिस गश्त बढ़ाए जाने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद भी तस्कर गो रक्षकों पर फायरिंग करके फरार हो गए। पशु तस्करों ने नाका लगाए पुलिस की टीम पर दर्जन से भी ज्यादा बार फायरिंग की है, जबकि कई बार तो तस्कर पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया है।