करनाल के गांव शामगढ़ में चल रहा पंचायती जमीन पर मंदिर बनाने का विवाद एक बार फिर से गर्मा गया है। शनिवार देर शाम मंदिर वाली विवादित पंचायती जमीन में पर रखे गए उपलों को अज्ञात लोगों ने आग लगा दी।
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने उसके शीशे तोड़ दिया। आनन फानन में डीएसपी राजेश लौहान भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल तनाव का माहौल बना हुआ है और आग पर काबू पा लिया गया है।
गौरतलब है कि काफी समय से गांव में पंचायती जमीन पर मंदिर बनाने को लेकर दो पक्ष आमने सामने हैं। इससे पहले भी कई बार ग्रामीणों में विवाद हो चुका है। एसडीएम ने जमीन की निशानदेही आदि का भी आश्वासन दिया था, पर कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
देर शाम मंदिर वाली जमीन पर उपले व बिटोड़ों में किसी ने आग लगा दी। आग की लपटें तेज होने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों उसके शीशे तोड़ दिए। बाद में डीएसपी राजेश लोहान, समेत सदर थाना प्रभारी ललित कुमार, तरावड़ी थाना प्रभारी व बुटाना थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे।
वहीं तनाव को देखते हुए पुलिस लाईन से एक रिजर्व टुकड़ी को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस के अधिकारियों ने गांव वालों को समझाया और मामला कुछ शांत हुआ। तनाव को देखते हुए शामगढ़ में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।