अंग्रेजी नहीं आने पर छात्रा को बाल पकड़कर व छात्र को बेत के साथ पीटने के आरोपी अकादमी के अध्यापक पर थाना सिविल लाइन ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वीडियो व मीडिया रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को काबू किया जाएगा। उधर, केस दर्ज होने के बाद से आरोपी अध्यापक भूमिगत है।
बता दें कि सेक्टर-12 सुपर माल स्थित अंग्रेजी सिखाने वाली प्रदीप अरोड़ा की अकादमी है। अकादमी में स्टूडेंट्स के साथ मारपीट को लेकर अकादमी के ही स्टूडेंट्स ने मीडिया के पास वीडियो भेजी थी। इसके साथ ही वीडियो वायरल हो गई थी। वीडियो में आरोपी अध्यापक एक लड़की के बाल पकड़कर उसको मार रहे हैं और एक छात्र को बेत के साथ बुरी तरह से पीट कर रहे हैं। वीडियो में अध्यापक कह रहे हैं कि पढ़ना तो पड़ेगा बेटा। इस समाचार को अमर उजाला ने 28 सितंबर के अंक में प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। स्टूडेंट्स ने मीडिया के पास अलग अलग कई वीडियो भेजे थे, जिसमें लेट आने पर व अंग्रेजी के टेस्ट में नंबर कम आने पर बुरी तरह से जानवरों की तरह पीटा जा रहा है।
वीडियो और मीडिया रिपोर्ट को आधार बनाते हुए एसपी पंकज नैन ने मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए। थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी अकादमी के संचालक प्रदीप अरोड़ा के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन आफ चिल्ड्रन एक्ट 2015) के तहत केस दर्ज किया है। इस बारे में एसपी पंकज नैन ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट और वीडियो को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस तरह से बच्चों के साथ व्यवहार व मारपीट करना गलत है। पुलिस वीडियो की भी जांच करा रही है, साथ ही पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।