करनाल के बलड़ी बाईपास पर एक अकाउंटेंट से बाइक सवार दो बदमाशों ने दो लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। पुलिस ने वारदात के बाद नाकेबंदी भी की, लेकिन आरोपी भाग गए। बाद में डीएसपी हेडक्वार्टर राजकुमार वालिया व डीएसपी जितेंद्र गहलावत ने भी घटनास्थल का दौरा किया। फिलहाल पुलिस बदमाशों में तलाश में जुटी है।
राजीव पुरम निवासी वेदप्रकाश दरड़ स्थित प्रभात फर्टिलाइजर्स में बतौर अकाउंटेंट काम करता है। वह अपने घर पर आटे व बेसन का व्यापार भी करता है। काम समाप्त करने के बाद वह शाम को अपने घर जाने के लिए आ रहा था। जैसे ही वह अल्फा सिटी बलड़ी बाईपास पर पहुंचा तो दो बाइक सवार उसके हाथ में रखा रुपये से भरा थैला लूटकर फरार हो गए।
लूट के बाद वेदप्रकाश ने शोर भी मचाया, लेकिन बदमाश मौके से भागने में सफल रहे। वेदप्रकाश ने बताया कि बैग में एटीएम समेत कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे। वारदात के बाद सदर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और युवक से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाशों की तलाश जारी है, नाकेबंदी कर दी गई है। बता दें कि शहर व जिले में लगातार लूट व छीना छपटी की वारदातें बढ़ रही हैं।