दीवार फांदकर धान के 80 कट्टे चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री।
गांव बुटानखेडी स्थित श्रीबालाजी फूड्स से चोर दीवार फांदकर सोमवार रात करीब 80 कट्टे धान ले गए। मिल मालिक विनोद गोयल ने बताया कि वे सोमवार को हर रोज की तरह मिल बंद करके आए थे। मंगलवार सुबह जब उन्होंने मिल में जाकर देखा तो मिल में लगे धान के रैक से बोरियां गायब थी। इसके साथ दीवार के पास धान बिखरा हुआ था और गाड़ी के टायरों के निशान भी थे। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी अजय ने बताया कि बालाजी फूड्स बुटानखेडी में हरियाणा एग्रो की करीब 80 बोरी धान चोरी की शिकायत आई थी। घटना का मौका मुआयना करने के बाद चोरी का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।