अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हथियारों से लैस करीब 30 युवकों ने मंगलवार देर रात सदर बाजार की इंद्रा कॉलोनी में जमकर गुंडागर्दी की। बदमाशों ने एक घर में घुसकर एक व्यक्ति को चाकू घोंप दिया, उसके घर का सामान तोड़ दिया। खास बात ये रही कि ये सब युवकों ने पुलिस चौकी के पास ही किया। इतना ही नहीं पुलिस के होते हुए भी बदमाशों ने पथराव से लेकर गली में खड़ी गाड़ियों को भी नहीं बख्शा। इसके बावजूद भी पुलिस कुछ नहीं कर पाई। इतना ही नहीं हाथों में देसी कट्टा, तलवार, गंडासी, लाठी-डंडे को लहराते हुए गली से गुजरे।
बदमाशों ने इस घटना को एक बार अंजाम नहीं दिया। दूसरी बार फिर बदमाश गली में हथियार लहराते हुए निकले और पथराव भी किया। रात को 11 बजे एसपी मौके पर पहुंचे तब जाकर मामला शांत हुआ। पूरी रात कॉलोनी वासी दहशत में रहे कि कहीं ये बदमाश दोबारा न आ जाएं। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में सदर बाजार चौकी प्रभारी एएसआई जयनारायण को लाइन हाजिर कर दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मोनू, विकास उर्फ गंजा, तरूण उर्फ तन्नु, अजय उर्फ छिकमा, आशीष, सौरभ, साहिल, गोल्डी उर्फ काणा, गौरू, सन्नी भगता, राहुल उर्फ गिल्ली, सूरज, अमन, अनूप और अमन करनाल, अनूप और अमन पंडित वासी बांसो गेट सहित अन्य 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को काबू कर लिया है।
शराब बेचने की सूचना पुलिस को देने के शक में मारा चाकू
मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोनू शराब बेचने का काम करता है, जिसे कई बार पुलिस पकड़ कर ले जा चुकी है। मोनू को शक है कि उसकी सूचना वह (मनोज) पुलिस को देता है। इसी की रंजिश के चलते मोनू ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रात को हमला बोल दिया। उसे चाकू मारकर घायल कर दिया, घर का सामान भी तोड़ दिया। इतना ही नहीं गली में खड़े सभी वाहनों को भी तोड़ दिया। इसके बाद हथियारों को लहराते हुए संत निक्का सिंह स्कूल की तरफ निकल गए।
पूरी रात दहशत में रहे इंद्रा कॉलोनी वासी
बदमाशों ने खुलेआम हथियारों के साथ दो कार, दो ऑटो, एक बाइक और स्कूटी को तोड़ दिया जो गली में खड़ी थी। जिस गली से बदमाश गुजर रहे थे वहा अफरा-तफरी मची हुई थी, लोगों ने डर के मारे भाग कर दरवाजे बंद कर लिए। बदमाशों ने बंद दरवाजों पर भी गंडासी आदि मारी। इस दौरान कॉलोनी वासियों को लगा की उनकी सुरक्षा करने वाला कोई नहीं है, क्योंकि जब बदमाश इस वारदात को अंजाम दे रहे थे तो पुलिस पीसीआर भी वहां मौके पर आई थी और बिना कार्रवाई करे चली गई। इसके बाद फिर बदमाश सड़क पर उतरे और पथराव भी किया।
एक आरोपी को किया काबू, चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
सदर बाजार स्थित इंद्रा कॉलोनी में बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति को चाकू मारने और गली में खड़े वाहनों को तोड़ने के मामले में राहुल उर्फ गिल्ली को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी द्वारा सदर बाजार चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से तफ्तीश की जा रही है, जल्द ही बदमाशों को काबू कर लिया जाएगा। -मोहन लाल, सिटी थाना प्रभारी, करनाल।