भतीजे से मिलने के लिए आई महिलाएं घर के बाहर से बाइक सवारों ने झपटी दिन दहाड़े सोने की चेन
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शहर में टिकरी कैलाश रोड स्थित पालम कॉलोनी में दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवक घर के बाहर खड़ी महिला के गले से सोने की चेन झपट कर ले गए। वहां पर मौजूद महिलाओं ने इन बदमाशों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वे बदमाश उनके हाथ नहीं लगे। इसके बाद महिला ने पुलिस को तुरंत सूचना दी। महिलाओं को कहना है कि आरोपियों ने नीले रंग की शर्ट पहनी हुई थी और उनके स्कूल के विद्यार्थियों जैसा स्कूल बैग था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इस घटना स्कूल के विद्यार्थियों ने अंजाम दिया है। सेक्टर-9 चौकी पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। वहीं पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कर रही है। दयालपुरा मोहल्ला निवासी विद्या देवी व उसकी बहन जाटों गेट निवासी बलदेवी वीरवार ने बताया कि वे पालम कॉलोनी में अपने भतीजे बलवान सिंह से मिलने गई थी। जैसे ही वे मकान नंबर 69 के सामने पहुंची और जैसे ही बलदेवी ने घर का गेट खोला तो इस दौरान नीले रंग की शर्ट पहने बाइक पर दो युवक आए और उनके पास स्कूल बैग भी था। एक युवक ने आते ही पीछे से विद्या देवी के गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक पर बैठकर फरार हो गए। सोने की चेन में लॉकेट भी था जो वहीं गिर गया। दोनों महिलाओं ने बताया कि कॉलोनी में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। उन कैमरों की सहायता से दोनों आरोपियों को पकड़ा जा सकता है। सेक्टर-9 चौकी प्रभारी लखबीर सिंह ने बताया कि महिलाओं की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना के आस-पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।