अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। आंबेडकर चौक स्थित सिविल लाइन थाने के बाहर खड़ी कार से दिनदहाड़े दो युवकों ने गाड़ी का लॉक तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये चुरा लिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों के लिए नाकेबंदी की। हालांकि, देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना दोपहर 2 बजे की है। गांव गंजोगढ़ी के पूर्व सरपंच सतपाल ने बताया कि नेवल में उसकी इंटरलॉक टाइलों की फैक्ट्री है। मंगलवार को अपनी गाड़ी से करनाल आया था और दो लाख रुपये लेकर आया था। सिविल लाइन थाने के बाद गाड़ी खड़ी करके वह अपने दोस्त वकील से मिलने चला गया। इस दौरान उसने गाड़ी को लॉक भी किया था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आए और गाड़ी का लॉक तोड़कर उसमें रखे पैसे चुरा लिए। जब पूर्व सरपंच वापस आया तो गाड़ी की खिड़की खुली देकर चौंक गया। बाद में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
नावल्टी रोड से किया कार का पीछा, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए तस्वीरें
गांव गंजोगढ़ी के पूर्व सरपंच सतपाल ने बताया कि वह मंगलवार को गाड़ी में दो लाख रुपये लेकर जा रहा था। इस दौरान नावल्टी रोड से दो बाइक सवार उसका पीछा कर रहे थे। पुलिस द्वारा बरामद की गई सीसीटीवी फुटेज में भी वही दो युवक दिख रहे हैं। आशंका है कि इन्हीं दो युवकों ने पैसे चुराए हैं। इस बारे में पुलिस जांच अधिकारी धर्मबीर ने बताया कि नावल्टी रोड, घंटाघर चौक और आंबेडकर चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए हैं। प्राथमिक जांच में दो बाइक सवार पूर्व सरपंच की कार का पीछा करते हुए दिखाई दिए है। इसमें आरोपी यूपी नंबर की बाइक पर सवार है। सीसीटीवी फुटेज व शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।