अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सदर बाजार स्थित इंद्रा कॉलोनी में 4 सितंबर की रात को हथियारों से लेस होकर गुंडागर्दी दिखाते हुए वाहनों के शीशे तोड़ने वाले 9 आरोपियों को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और आरोपियों से लाठी-डंडे, तलवार, चाकू और अवैध पिस्तौल भी बरामद कर ली है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। सिटी थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि चार सितंबर की रात को आरोपी ने अपने हाथों में हथियार लेकर इंद्रा कॉलोनी में गली में खड़े वाहनों के शीशे तोड़े और घरों के दरवाजों पर भी तलवारें मारी। इतना ही नहीं इनमें से एक आरोपी ने एक व्यक्ति मनोज के पेट में चाकू घोंप दिया था। इसकी शिकायत मिलते ही इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी और मुख्य आरोपी सहित 9 आरोपियों को काबू किया है। इससे पहले दो ओर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अभी इस मामले में एक-दो आरोपी और है जो फरार चल रहे हैं उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि पहले वकील और दिनेश ने उनके साथी गौरू को चाकू मारा था। इसके बाद गौरू उनके पास आया तो वे हथियार लेकर वकील व दिनेश के मोहल्ले में गए। वहां उन्होंने तोड़ फोड़ की। जब वह दिनेश के घर गए तो वहां दिनेश नहीं था तो उसका पिता वहां मिला। जिसे चाकू मार दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इन दोनों गुटों में काफी समय से आपस में झगड़े होते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अजय, तरुण, संदीप, साहिल, अमन, ललित उर्फ चिपा, मोनू, विकास, आशीष को 10 सितंबर को गिरफ्तार को किया था और कोर्ट में पेश कर इन सभी आरोपियों का दो दिन का पुलिस रिमांड लिया था। इस दौरान आरोपियों से हथियार बरामद किए गए।