अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कुंजपुरा क्षेत्र में गांव कलवेहड़ी के समीप नहर की पटड़ी पर दिनदहाड़े एक बाइक सवार से बाइक सवार चार बदमाश डेढ़ लाख रुपये छीनकर फरार हो गए। इससे पहले चारों बदमाशों ने बाइक सवार के साथ मारपीट की थी। पीड़ित ने इसी सूचना जब कुंजपुरा थाना में दी तो पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी की लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। नाकाबंदी करने के बाद भीड़ पुलिस के हाथ बदमाश नहीं लगे।
जगाधरी के रूप नगर निवासी राजपाल ने बताया कि 24 जून को वह अपने घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर चला था। उसे यह रुपये करनाल के गांव शेखपुरा में अपनी रिश्तेदारी में देने थे। दोपहर करीब एक बजे जब वह बाइक पर कलवेहड़ी पुल नहर की पटरी पर पहुंचा तो उसके पीछे एक बाइक पर चार युवक आए। उन्होंने उसकी बाइक रुकवाई। बाइक रोकते ही उन्होंने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उसने डेढ़ लाख रुपये पेंट की अगली जेब में डाले हुए थे जो 500-500 रुपये के नोट थे। चारों बदमाश वह डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गए। बदमाश उसका मोबाइल भी लेकर फरार हो गए हैं।
जगाधरी निवासी राजपाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सुरेंद्र सिंह, कुंजपुरा थाना प्रभारी।