अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात को इमरजेंसी में एक मरीज के अटेंडेंट ने डॉक्टर धुनाई कर दी। गुस्साएं डॉक्टरों ने विरोध में इमरजेंसी सेवाएं देने से मना कर दिया। इसके बाद सूचना मिलने पर इमरजेंसी के इंचार्ज डॉ. गुंजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने डॉक्टरों को समझाकर शांत किया और इमरजेंसी सेवाएं शुरू कराई। फिर पुलिस को सूचना देकर मरीज अटेंडेंट बबीत उर्फ बब्बू के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार रात को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में कैजुअलटी मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष पंवार ड्यूटी दे रहे थे। डॉ. आशीष पंवार ने बताया कि रात को करीब 10 बजे बब्बू उर्फ बबीत नाम का व्यक्ति गौरव नाम के मरीज को लेकर आया। उस मरीज का चेकअप कर दवाइयां और इंजेक्शन दे दिया। इसके बाद बब्बू कहने लगा कि मरीज को इमरजेंसी के बेड पर लेटा दो। तो उसे कहा गया कि मरीज की तबीयत अब ठीक है। इतनी बात सुनते ही बब्बू ने उस पर हमला कर दिया और थप्पड़ मुक्के मारे। अन्य डॉक्टरों ने उसे बचाया। इसके बाद गुस्साए सभी डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवाएं देने से मना कर दिया। सूचना मिलते ही इमरजेंसी इंचार्ज डॉ. गुंजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने डॉक्टरों को समझाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।