अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शहर की नरसी विलेज कॉलोनी में मंगलवार देर रात पानीपत में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर विक्रांत की सर्विस रिवॉल्वर से उसी की नाबालिग बेटी को गोली लग गई। जिसे घायल हालत में शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां के आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।
गोली इंस्पेक्टर की बेटी के सीने में लगी और पीछे कमर से निकल गई थी, जिसकी वजह से हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी बलजीत मौके पर पहुंचे और रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है। पूरे इस मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस अधिकारी गहनता से जांच कर रहे हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस ने इंस्पेक्टर, उनकी पत्नी और घायल बेटी का बयान दर्ज कर लिए हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं।
सदर थाना प्रभारी का कहना है कि इंस्पेक्टर विक्रांत नरसी विलेज कॉलोनी में रहते हैं। उनके पानीपत जिले में तैनात होने के कारण घटना की पूरी जानकारी करनाल के उच्च अधिकारियों के माध्यम से वहां के एसएसपी को दे दी गई है। इंस्पेक्टर की बेटी ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह पिता की रिवॉल्वर को उठाकर देख रही थी। उसी दौरान अचानक गोली चल गई और उसके सीने को पार करके निकल गई। इसी तरह का बयान इंस्पेक्टर और उनकी पत्नी की ओर से भी दिया गया है। तीनों के बयान, साक्ष्य और पूरे घटनाक्रम के आधार पर जांच शुरू हो गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर की लापरवाही आई सामने
पुलिस ने बताया कि इंस्पेक्टर की बेटी के रिवॉल्वार को उठाकर देखने लगी तो उसके हाथ से गोली चल गई। ऐसे में इस्पेक्टर विक्रांत जोकि फिलहाल पानीपत पुलिस लाइन में तैनात है उसकी लापरवाही सामने आई है। वह रिवाल्वर घर क्यों लेकर आए, रिवाल्वर गोलियां से लोड करके क्यों रखी, रिवाल्वर को बच्चों की नजरों से दूर क्यों नहीं रखा गया। क्योंकि हर पुलिस कर्मचारियों को हथियार रखने व उसकी सुरक्षा करने के बारे में पूरी ट्रेनिंग दी जाती है। जांच में इन सभी बिंदुओं को शामिल किया गया है।
पानीपत पुलिस अधिकारी कर सकते हैं कार्रवाई
स्थानीय पुलिस अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर इंस्पेक्टर विक्रांत के खिलाफ पानीपत के पुलिस अधिकारी कार्रवाई कर सकते हैं। क्योंकि उन्होंने सर्विस रिवॉल्वर को सुरक्षित रखने में लापरवाही बरती है। हालांकि इस बारे में पानीपत के अधिकारियों से जानकारी नहीं हो पाई है।
नरसी विलेज कॉलोनी में इंस्पेक्टर की बेटी को गोली लगने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच की गई तो लड़की अस्पताल में दाखिल थी। बयान में लड़की ने बताया कि वह रात को अपने पिता की रिवाल्वर उठाकर देख रही थी तो इस दौरान रिवॉल्वर से गोली चल गई और उसे लग गई। इस मामले की जांच की जा रही है।-बलजीत सिंह, सदर थाना प्रभारी करनाल।