अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री (करनाल)। गांव गांधीनगर के ग्रामीणों ने इंद्री थाने में तैनात एक एसआई पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर उसके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बता दें गांव गांधीनगर में करीब दो माह पूर्व दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान मुकेश और प्रदीप के ऊपर गांव के ही नीरज और सुरजीत ने हमला कर दिया था। घायल अवस्था में मुकेश और प्रदीप को इंद्री के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों द्वारा उन्हें कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया था।
मुकेश के परिजनों का आरोप है कि इंद्री थाने के एसआई बख्शा सिंह ने उनसे कार्रवाई करने की एवज में 50 हजार रुपये की मांग की थी। मुकेश के परिजनों द्वारा 50 हजार रुपये न दिए जाने पर बख्शा सिंह ने मुकेश व प्रदीप के खिलाफ ही कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया है, जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित के परिजनों ने कहा है कि यदि पुलिस द्वारा इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो वे एक बड़ा आंदोलन करेंगे।
गांव गांधीनगर में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं थीं, मामले में नियम अनुसार कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त मैने किसी से भी कोई रिश्वत की मांग नहीं की है।
- बख्शा सिंह, एसआई, इंद्री थाना।