अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गांव कतलाहेड़ी निवासी एक व्यक्ति के साथ प्लाट खरीदने के नाम पर 19.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सेक्टर-12 निवासी रणदीप और बसंत विहार निवासी राजबीर ढुल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गांव कतलाहेड़ी निवासी तेजपाल ने बताया कि वह आरोपी रणदीप का पहले से ही जानता है। फरवरी-2012 में रणदीव और राजबीर उसके पास आए बोले कि सेक्टर-7 में 500 वर्ग गज का एक प्लाट एक करोड़, 25 लाख रुपये में बिक रहा है, उसका 60 लाख रुपये बयाना देना है। वह उनके साथ हिस्सेदारी कर ले तो वह इस प्लाट से मुनाफा कमा सकते हैं। उसकी बातों में आकर तेजपाल ने आरोपियों को 19.50 लाख रुपये दे दिए, लेकिन उन्होंने उसे बयाने की कॉपी नहीं दी। बाद में पता चला की कोई प्लाट बिक ही नहीं रहा था।