अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। पति के साथ हुई कहासुनी में एक महिला ने घोघड़ीपुर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में भिजवा दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच अधिकारी दरिया सिंह ने बताया कि आनंद बिहार कॉलोनी निवासी सपना (28) का पति अभिषेक सिक्योरिटी गार्ड कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसके कई बार घर पर आने में देरी हो जाती थी। शनिवार रात को ड्यूटी से घर देरी पर पहुंचने के कारण सपना का उसके पति अभिषेक के साथ झगड़ा हो गया। गुस्से में सपना ने घोघड़ीपुर रेलवे ओवरब्रिज के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी और पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।