अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। कोहंड गांव में छात्रों के बीच हुई चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने छह को नामजद करते हुए नौ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इस चाकूबाजी का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बीते सोमवार को दोपहर बाद, कोहंड गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले करीब आधा दर्जन छात्रों के बीच स्कूल की छुट्टी के बाद विवाद हो गया। मारपीट से शुरू हुए झगड़े ने चंद ही मिनटों में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और एक गुट ने अपने स्कूल के छात्रों पर ही चाकुओं से हमला कर दिया। छात्रों के बीच हुई चाकूबाजी की इस घटना में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र दीपक व रोबिन घायल हो गए, जबकि 10वीं कक्षा के छात्र अभिषेक के हाथ पर चोटें आई। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। छात्रों के टकराव की सूचना मिलते ही एकत्रित हुए ग्रामीणों ने घायल छात्रों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने घायल छात्र दीपक व रोबिन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें करनाल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है, लेकिन छात्रों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
मंगलवार की शाम पुलिस ने कोहंड निवासी अंग्रेज सिंह की शिकायत पर आरोपी युवक सचिन, सन्नी, राहुल, विकास, कृष्ण व रोबिन तथा दो/तीन अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि कोहंड गांव में छात्रों के बीच हुई चाकूबाजी की घटना के बाद छह को नामजद किया है तथा दो तीन अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।