अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जीटी रोड पर गांधी फार्मसी के सामने फ्लाई ओवर पर पीछे से एक अनियंत्रित गाड़ी ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। बाइक सवार डिवाइडर पार कर दूसरी सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान सीवरेज के पाइपों से लदे ट्राले ने एक बाइक सवार को कूचल दिया। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल में दाखिला कराया। इस दौरान जीटी रोड पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्राले को सड़क किनारे किया। करीब एक घंटे के बाद जाम खुला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव बलड़ी निवासी सतीश कुमार (40) व अपने मामा के लड़के सोनू निवासी युनिसपुर के पास होंडा कंपनी में जा रहा था, वे वहां मैकेनिक के रूप में कार्य करते थे। जीटी रोड पर जब वे फार्मसी के पास फ्लाईओवर पर पहुंचे, तो पीछे से एक गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर अंबाला की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंच गई। सतीश और सोनू बाइक से गिर गए। इसी दौरान पानीपत की ओर से आ रहे ट्राले ने सतीश को कुचल दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोनू गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजबीर कहा कि गांव बलड़ी निवासी सतीश कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। इस मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।