असंध बार एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को नये चैंबरों का मुहूर्त किया गया। लेकिन पहले ही दिन चैंबरों की अलाटमेंट को लेकर वकीलों के दो गुट आमने-सामने आ गए। चैंबरों की अलाटमेंट से नाखुश कुछ वकील बार के सचिव बलविंद्र गहल्याण के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। वहीं पर शिकायत करने गए वकीलों द्वारा सचिव बलविंद्र गहल्याण के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामला असंध थाने पहुंच चुका है। पुलिस ने नौ वकीलों को नामजद कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर बार ने भी मारपीट करने वाले वकीलों की सदस्यता रद्द कर दी है।
बार एसोसिएशन के सचिव बलविंद्र गहल्याण ने बताया कि वह बार रूम में अन्य वकीलों के साथ बैठे थे, तभी वहां पर एडवोकेट सुनील, देवेंद्र मान, बिजेंद्र मान, उत्तम टूर्ण, खुशविंदर, कुलदीप, गुरमीत, गुरपाल व विकास मान शिकायत लेकर आये कि वह चैंबरों की अलाटमेंट से खुश नहीं हैं। सचिव ने बताया कि उन्होंने उनकी शिकायत को नॉर्म के अनुसार प्रधान को मार्क कर दिया। इसके बाद शिकायत लेकर आए सभी वकीलों ने पहले गाली गलौच की। इसके बाद सभी ने मारपीट शुरू कर दी। इसमें उनको काफी चोट आई। बलविंद्र ने बताया उन्होंने सभी नौ वकीलों के खिलाफ शिकायत दे दी है। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 323 , 452 , 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
अलॉट चैंबरों पर लगाई रोक
बार एसोसिएशन के सचिव बलविंद्र गहल्याण ने बताया कि इस मारपीट के बाद बार एसोसिएशन की आपात कालीन बैठक उप प्रधान ओंकार सिंह की अध्यक्षता में बुलाई गयी। इसमें सभी सदस्यों ने सर्वसहमति से हमला करने वाले सभी वकीलों के खिलाफ प्रस्ताव पास कर उनकी असंध बार की सदस्यता को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही इन सभी वकीलों को अलॉट किए चैंबरों पर भी बार द्वारा रोक लगा दी गयी है।