शहर की अशोका विहार कॉलोनी में दामाद ने अपने भाई और दोस्तों के साथ ससुर की पिटाई करने के बाद उसकी पानी में डूबाकर हत्या कर दी। इस दौरान उसने अपनी सास के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने कैथल पुंडरी के गांव फतेहपुरा इंद्री कॉलोनी निवासी प्रवीण, उसके भाई सोनू, दोस्त यानू व अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कॉलोनीवासियों ने पुलिस के खिलाफ भी रोष प्रकट किया।
नवंबर में की थी बेटी की शादी
मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि उसकी पांच बेटियां हैं। एक बेटा है। बड़ी बेटी काजल की शादी उसने 19 नवंबर 2018 को पुंडरी के फतेहपुरा इंद्रा कॉलोनी निवासी प्रवीण के साथ की थी। शादी के दो महीने बाद ही वे उसकी बेटी पर फोन को लेकर शक करने लगे और उसे परेशान करने लगे। इस बारे में उनकी पंचायत भी हुई थी। पंचायत में उसके दामाद ने उन्हें धमकी दी थी। पत्नी सुमन ने बताया कि 9 अगस्त को जब वह छत पर कपड़े सुखा रही थी तो एक कार घर के आसपास चक्कर लगा रही थी। जब उसने कार में देखा तो कुछ युवक बैठे थे। उनमें उसका दामाद भी था। इसके बाद उन्होंने 10 अगस्त को उसके पति राजकुमार को जबरदस्ती शराब पिलाकर भी उसे खेत में पानी में डूबाकर मारने की कोशिश की थी। उस दौरान खेत में काम करने वाला मजदूर वहां आ गया तो वे फरार हो गए।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पत्नी सुमन ने बताया कि रात को करीब 9 बजे उसके पेट में दर्द हो गया। उसका पति राजकुमार उसे दवा दिलाने डॉक्टर के पास ले गया। जब वह खेत के रास्ते से वापस घर आ रहे थे तो रास्ते में चार युवक बैठे थे। जिन्होंने अपना मुंह कपड़े से ढका हुआ था। उन्होंने उसके पति और उससे मारपीट की। उसके पति को खेत में पानी में डूबाकर हत्या कर दी। हत्या करने वाला उसका दामाद प्रवीण, उसका भाई सोनू, दोस्त यानु व अन्य शामिल थे। राजकुमार और उसकी पत्नी सुमन मजदूरी कर अपने बच्चों को पेट भर रहे थे। क्योंकि राजकुमार के पास पांच बेटियां और बेटा है। बड़ी बेटी काजल की शादी कर दी थी लेकिन विवाद के बाद वह घर ही रह रही थी। राजकुमार की हत्या होने पर उनके सर से बाप का साया उठ गया।
मृतक राजकुमार की पत्नी सुमन की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। - सचिन, थाना प्रभारी।