करनाल। ठाकुर धूम सिंह की याद में आयोजित महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में क्रिकेट अकादमी ऑफ नरवाल और राणा स्टार क्रिकेट अकादमी के बीच शुक्रवार को मुकाबला हुआ। क्रिकेट अकादमी ऑफ नरवाल ने 80 रन से मैच जीत कर फाइनल में प्रवेश किया।
कोच उधम राणा ने बताया कि निशान पब्लिक स्कूल में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिकेट अकादमी ऑफ नरवाल की टीम ने 40 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। जवाब में राणा स्टार क्रिकेट अकादमी की टीम 36.4 ओवर में 136 रन पर ऑल आउट हो गई। अकादमी की बल्लेबाज कोमल ने 75 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाईं।
क्रिकेट अकादमी ऑफ नरवाल की टीम की गेंदबाज रिता ने छह ओवर में 28 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। उनकी टीम की बल्लेबाज केरी ने 53 गेंदों पर 70 रन की नाबाद पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।