माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर की सरकार के लिए मतगणना की तैयारी जोरशोर से की जा रही है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को नगर निगम करनाल के आम चुनाव 2025 की निष्पक्ष और निर्बाध मतगणना के लिए डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम में स्टाफ को प्रशिक्षण दिया। पूर्व मास्टर ट्रेनर अमरीश व रणजीत सिंह ने ईवीएम के संचालन की जानकारी दी। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि मतगणना को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। मतगणना का कार्य 12 मार्च को प्रात: 8 बजे सेक्टर-14 स्थित पंडित चिरंजी लाल राजकीय महाविद्यालय में शुरू होगा। इस कार्य में लगे हुए सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
निर्वाचन आयोग की हिदायतों का शतप्रतिशत पालन किया जाए। मतगणना संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का अंतिम पड़ाव है। इसलिए प्रशिक्षण के दौरान मतगणना से संबंधित सभी प्रकार की शंकाओं को दूर कर लें। संबंधित सभी पहलुओं का ज्ञान होना चाहिए ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। मतगणना सीसीटीवी की निगरानी में होगी।