करनाल। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने नए जिला नागरिक अस्पताल भवन के निर्माण के लिए तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को सलाहकार की नियुक्ति कर दी गई है। जो शीघ्र ही भवन निर्माण का एस्टीमेट, डिजाइन आदि तैयार करके एचएसवीपी को देगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार मौजूदा समय में जिला नागरिक चिकित्सालय कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज की भूमि में संचालित किया जा रहा है। इसके लिए लंबे समय से जिला नागरिक चिकित्सालय में भवन तैयार करने का प्रयास किया जा रहा हैं। पिछले साल हरियाणा विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने नगर के सेक्टर 32 में अस्पताल भवन के लिए साढ़े नौ एकड़ भूमि आवंटित की है। इसके बाद इस पर भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। एचएसवीपी के उप मंडलीय अभियंता सुभाष भानकर ने बताया कि सलाहकार (कंसलटेंट) के लिए अब टेंडर हो गया है। 53 लाख रुपये का ये टेंडर लखनऊ के सुमित मुर्लगई को मिला है। अब यही सलाहकार नए जिला नागरिक अस्पताल की डिजाइन और एस्टीमेट आदि तैयार करके एचएसवीपी को सौंपेंगे। एस्टीमेट बनने के बाद ही इस पर कितना खर्च आएगा, इसकी जानकारी हो सकेगी।