माई सिटी रिपोर्टर
करनाल।
जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को असंध क्षेत्र में नई कटी अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की। अलग-अलग क्षेत्र में करीब 23.5 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों में निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। भूमि को प्लॉट के रूप में काटकर बेचने वाले और जमीन मालिक को डीटीपी ने हिदायत दी है कि वे प्लॉट बेचने के नाम पर ग्राहकों से लिया गया धन तुरंत वापस करें। ऐसा न करने पर संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
शुक्रवार को हुई कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार और असंध नगर पालिका के सचिव एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट और असंध थाना की पुलिस भी तैनात रही। पहली कार्रवाई ढौल चौक पर स्थित 12 एकड़ की कॉलोनी में हुई। यहां सभी सीवरेज नेटवर्क और सड़कों को तोड़ा गया। दूसरी कार्रवाई असंध बाईपास पर स्थित आधा एकड़ में और तीसरी सफीदों रोड पर स्थित चार एकड़ की कॉलोनी में की गई। मैट्रोपोल कॉलोनी के पास स्थित सात एकड़ की कॉलोनी में सभी कच्ची और पक्की सड़कों को तोड़ा गया।
जिला नगर योजनाकार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अवैध कॉलोनी में किसी भी तरह का निर्माण न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्यालय की ओर से कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और आगे भी तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी रहेगी।