बहुउद्देशीय हॉल में ग्रील लगाता मजदूर संवाद
करनाल। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कर्ण स्टेडियम का कायाकल्प करने के लिए चल रहे चार निर्माण कार्यों में तेजी देखी जा रही है और विभाग की ओर से प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए जनवरी 2026 की डेडलाइन तय की गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों और स्मार्ट सिटी की तकनीकी टीम ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण और आधुनिक खेल ढांचे का कार्य तय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा किया जाए। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बुनियादी खेल ढांचा उपलब्ध होगा, जिससे उन्हें प्रशिक्षण के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
दो बहुउद्देशीय इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित हो रहे चार निर्माण
इसमें दो बहुउद्देशीय इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। एक अत्याधुनिक इनडोर कॉम्प्लेक्स तैयार किया जा रहा है। साथ ही महिला खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जा रही हैं। खिलाड़ियों के लिए करीब 90 बेड का हॉस्टल बनाया जा रहा है। दर्शकों के बैठने के लिए मॉडर्न पवेलियन भी बनाया जा रहा है।
निर्माण कार्य की दैनिक प्रगति की निगरानी की जा रही है, ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। इन चारों प्रोजेक्ट्स के पूरा होने के बाद जिले में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और खेल शिविरों का आयोजन सुगमता से हो सकेगा। -रामपाल, महाप्रबंधक, स्मार्ट सिटी