अंबाला सिटी। जिला नगर योजनाकार की टीम ने गरनाला गांव में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग के दस्ते ने करीब साढ़े पांच एकड़ भूमि पर बिना अनुमति विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कच्ची सड़कों के जाल और पांच नींवों को पूरी तरह से हटा दिया गया।
यह अवैध कॉलोनी अर्बन एरिया अंबाला सदर की तहसील के अंतर्गत गरनाला में काटी जा रही थी। खसरा नंबर 24//4 मिन, 5, 6, 7, 14, 15, 16 और 25/1 पर लगभग साढ़े पांच एकड़ जमीन पर यह निर्माण हो रहा था। सूचना मिलने पर डीटीपी विभाग का दस्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा।
अवैध रूप से बिछाई गई सड़कों और निर्माणाधीन नींव को जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट-कम-जिला नगर योजनाकार गुंजन वर्मा मौजूद रहीं। क्षेत्र अन्वेषक रविंद्र और ब्यूरो के एसएचओ भी पुलिस के साथ थे।