अवैध निर्माण को गिराता पिला पंजा। प्रवक्ता
करनाल। वीरवार को जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में करनाल-कैथल रोड पर केंद्रीय विद्यालय के सामने अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई की। यहां करीब 17 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर निर्माण ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध रूप से बनाए गए 2 मकानों के अलावा वहां बनाई गई सभी कच्ची सड़कों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। डीटीपी राहुल सिंगला ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नियमों की अवहेलना करने वाले और अवैध निर्माण को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ लगातार एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है। जनता से अपील की कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के झांसे में न आएं। अपनी गाढ़ी कमाई को बचाने के लिए केवल वैध कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदकर अपना आशियाना बनाएं।