अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिये जाति विशेष के लोग गरीब, शोषित, पिछड़ा वर्ग की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहे हैं और सरकार पर दबाव बनाने के साथ लोकतंत्र और संविधान का भी अपमान कर रहे हैं। ये बात कुरुक्षेत्र के सांसद व ओबीसी ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सैनी ने कही। वे बुधवार को जीटी स्थित एक होटल में कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे।
सांसद ने पिछड़ा वर्ग के लोगों से दिल्ली के रामलीला मैदान में 28 नवंबर को आयोजित पिछड़ा वर्ग एकता रैली में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शोषितों व पिछड़ो के मसीहा महात्मा श्री ज्योतिराब फुले जी की पुण्यतिथि पर आयोजित रैली में देश के कई राज्यों से लाखों लोग शामिल होंगे। इस दौरान सभी विरोधियों के हमलों के जवाब भी दिए जाएंगे।
सैनी ने कहा कि भाजपा में लोकतंत्र है और हर किसी को हर स्तर पर अपनी बात कहने का अधिकार है, हम अपनी बात कह रहे हैं। सांसद ने कहा कि जाट समाज के मंत्री अपनी चौधर का दुरुपयोग कर रहे हैं, शोषित और पिछड़े समाज को धमकाकर चुप करवाने का प्रयास किया जा रहा है। सैनी ने कहा कि अब वक्त बदल गया देश और प्रदेश के हालात बदल चुके हैं। पिछड़ा वर्ग की आवाज दबाने और लोकतंत्र व संविधान का अपमान करने वालों को पिछड़ा वर्ग करारा जवाब देगा। मंत्री डॉ. संजीव बाल्याण को नसीहत देते हुए सैनी ने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट और संविधान की मर्यादा को न भूलें।
गरीब जाटों को रोजगार मिले पर आरक्षण नहीं
ओबीसी ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल राठी ने कहा कि आरक्षण गरीबी की दवा नहीं है। गरीब जाट समाज के लोगों को रोजगार मिलना चाहिए, हमें कोई ऐतराज नहीं है, परंतु पिछड़ा वर्ग के अधिकारों पर डाका मारकर अपने निजी हितों की पूर्ति करना और संविधान कानून के साथ साथ सरकार पर दबाव बनाने का पिछड़ा वर्ग हर स्तर पर विरोध करेगा।