घरौंडा में हाईवे पर वाटर वर्ल्ड पार्क के पास कार पलट जाने से एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके अलावा पुलिस कर्मियों की कार की टक्कर लगने से एक साधू भी घायल हो गया।
गंभीर रूप से घायल हेडकांस्टेबल और साधू को उपचार के लिए पानीपत के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक सिपाही का शव पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस पर भेज दिया गया है।
रविवार शाम को मधुबन में तैनात बताए गए हेड कांस्टेबल जिला सोनीपत के गांव कथूरा निवासी संदीप कुमार, उसका दूसरा साथी जिला पानीपत के गांव पट्टी कल्याणा निवासी 28 वर्षीय सिपाही सुरेश कुमार कार में सवार होेकर पानीपत जा रहे थे। बताया गया कि वाटर वर्ल्ड पार्क के पास उनकी कार के सामने से गुजर रही थी कि साधू जिला पानीपत के गांव उग्राखेड़ी निवासी बलजीत ने अचानक हाईवे पार करने की कोशिश की तो उसे बचाने के चक्कर में पुलिसकर्मियों की कार पलट गई।
मौके पर सिपाही सुरेश की मौत हो गई। दुर्घटना के दौरान साधू और हेडकांस्टेबल बुरी तरह जख्मी हो गए। मौके पर काफी लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से कार में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला गया। तीनों लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया।
कुरलन में नौकर का शव मिला
असंध उपमंडल के गांव कुरलन में एक व्यक्ति का शव गांव के खेत में मिला है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक छोटूराम का शव गांव में गुलाब सिंह के ट्यूबवेल पर मिला है, और मृतक बीस दिन पहले ही गुलाब सिंह के पास नौकरी पर आया था।
किसान गुलाब सिंह ने बताया कि कुछ साल पहले छोटूराम 18 माह उनके यहां नौकरी करके चला गया था और 20 दिन पूर्व फिर से नौकरी पर आ गया था। चौकी प्रभारी ने कहा कि मृतक के परिजनों की तलाश के लिए शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। प्रभारी मनदीप ने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।
हादसे में बाइक सवार की जान गई
इंद्री के गांव खेड़ी मान सिंह के पुल पर ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। गंाव खेड़ी मान सिंह का रहने वाला यामीन उर्फ मुंगी और गांव जनैसरो निवासी करीब 25 वर्षीय इंतजार दीवार पर रंग पुताई का काम करते थे। रविवार की देर शाम यामीन अपने मित्र इंतजार के साथ काम खत्म करने के बाद बाइक से गांव लौट रहा था।
खेड़ी मान सिंह गांव में बने पुल पर तेज रफ्तार ट्राली ने चपेट में ले लिया। इंतजार व यामीन को उपचार के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। यहां पहुंचते ही डॉक्टर ने इंतजार को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना इंद्री थाना पुलिस को दे दी गई है लेकिन समाचार खिले जाने तक पुलिस नहीं पहुंची थी।