माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने के विरोध स्वरूप और दलित आईपीएस अधिकारी पूर्ण कुमार की रहस्यमयी खुदकुशी की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वीरवार को आंबेडकर चौक से मशाल जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में दलित हरी ओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की घटना, तथा दलित अधिकारी पूर्ण कुमार की रहस्यमयी खुदकुशी की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करना रहा।
जिलाध्यक्ष पराग गाबा की अगुवाई में निकाले गए जुलूस के दौरान आंबेडकर चौक पर पहुंच कर बाबा साहिब की प्रतिमा पर मोमबत्ती जलाकर आईपीएस पूर्ण कुमार को श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि आज देश में न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र मजबूत आवाज बनकर उभरी है।
पराग गाबा ने कहा कि जब तक इस देश के हर नागरिक को समान न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी। कांग्रेस पार्टी संविधान और दलित समाज की रक्षा के लिए सदैव खड़ी रही है और आगे भी डटकर खड़ी रहेगी। यह मशाल जुलूस केवल विरोध नहीं, बल्कि एक सशक्त संदेश है कि करनाल से लेकर पूरे देश तक कांग्रेस पार्टी अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर खड़ी है। इसमें राजेश वैध, पूर्व विधायक सुमिता सिंह, शमशेर सिंह गोगी, धरमपाल गोंदर, सरदार बक्शीश सिंह, मनोज वधवा, सचिन बुधापुर, पप्पू लाठर, रामफल कमालपुर, अमित बराना, रजत लाठर, सुमो मदान, नवजोत कश्यप, पंकज गाबा सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।