विधायक ने सफाई, स्ट्रीट लाइट, नालों की मरम्मत और सड़कों समेत जनसुविधाओं के कार्यों की ली प्रगति रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। वीरवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विधायक योगेंद्र राणा की अध्यक्षता में अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। विधायक ने जनहित से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक राणा ने अधिकारियों से मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े विकास कार्यों को गंभीरता से लेते हुए जल्द पूरा कराने को कहा। लंबित परियोजनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, उन्होंने स्पष्ट किया। विधायक ने विभागों के कार्यों की प्रगति ली और जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की प्रगति देखने के लिए प्रत्येक माह समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठक में एसडीएम सुमित सिहाग, डीएसपी गोरखपाल राणा, तहसीलदार नवजीत कौर सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
विभिन्न विभागों को निर्देश
नगरपालिका सचिव को शहर की सफाई, स्ट्रीट लाइट, नालों की मरम्मत, सीसीटीवी और सार्वजनिक शौचालयों के कार्य जल्द पूरे करने को कहा गया। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ से गांवों को जोड़ने वाली सड़कों और सड़क सुरक्षा मानकों की जानकारी ली गई। पब्लिक हेल्थ विभाग को जलापूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश मिले। बीडीपीओ असंध को ई-लाइब्रेरी, शिवधाम, व्यायामशाला जैसे विकास कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया। स्वास्थ्य, पंचायती राज, पुलिस, राजस्व और मार्केट कमेटी सहित अन्य विभागों की परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई।