श्री खाटू श्याम मंदिर में अपरा एकादशी के अवसर पर कीर्तन का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में अपरा एकादशी के अवसर पर कीर्तन किया गया। शाम के समय पंडित दीपक पांडे और अनुपम त्रिपाठी ने कोलकाता से लाए सुंदर फूलों से श्री श्याम बाबा का शृंगार किया। पानीपत के कलाकार प्रिंस बजाज ने, लेने आजा खाटू वाले रिंगस के मोड़ पे... भजन गाया जिससे श्रद्धालु झूम उठे। यमुनानगर से आई रजनी सरगम ने, मैंने मोहन को बुलाया है वो आता होगा... भजन गाया।
रविवार को श्री श्याम बाबा एकादशी कीर्तन मंडल और श्री खाटू श्याम मंदिर की ओर से आयोजित संकीर्तन में बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु कतारों में लगे रहे। मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देशराज गुप्ता ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ मास में कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को अपरा एकादशी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा की जाती है। माना जाता है कि इस दिन पूरे विधि-विधान से पूजा करने से भगवान विष्णु की असीम कृपा मिलती है। इस मौके पर अनिल कुमार गर्ग, रामकरण गोयल, महेंद्र गुप्ता, विनोद गोयल, आकाश गुप्ता, विकास गुप्ता, पंकज सिंगला, विषभ गर्ग, नवीन बंसल, रजत गर्ग और मोहित मित्तल के साथ अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
तपती गर्मी में पिलाया जल
अपरा एकादशी के अवसर पर आयोजित कीर्तन के दौरान लाडले खाटू वाले के सेवादार आकांश गुप्ता, अंकुश शर्मा, नरेंद्र चौधरी और पीयूष के साथ अन्य श्रद्धालुओं ने राहगीरों को मीठा और ठंडा जल पिलाया।