अवैध कॉलोनियों को वैध कराने को लेकर एक हजार रुपये प्रति गज विकास शुल्क लगाने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मंत्रिमंडल ने बेशक मुहर लगा दी हो, लेकिन सीएम के ही गढ़ में शहर की सरकार (करनाल नगर निगम हाउस) इससे कोई इत्तेफाक नहीं रखता। एक तरह से मंत्रिमंडल का फैसला निगम के ज्यादातर पार्षदों को रास नहीं आ रहा है। करनाल नगर निगम के कुल 20 पार्षदों में से मेयर रेणु बाला गुप्ता और सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग को छोड़कर 18 पार्षदों का खुले रूप से कहना है कि एक हजार रुपये विकास शुल्क ज्यादा है।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह कम होना चाहिए और इस पर दोबारा से विचार किया जाना चाहिए। अमर उजाला से बातचीत में पार्षदों ने बेबाक अपनी बात रखी और अवैध कॉलोनियों के निवासियों की समस्याएं बताते हुए प्रदेश सरकार को सलाह भी दी है। साथ ही कुछ पार्षदों ने कहा कि सरकार पहले कॉलोनियों को वैध करे और उसके बाद शुल्क ले। वहीं, कुछ का कहना है कि कि शुल्क कम करके इसे किश्तों के रूप में लिया जाए न कि एक मुश्त। कुछ पार्षदों ने खुलकर सरकार के फैसले की मुखालफत भी की है और कहा कि इस फैसले के परिणाम गंभीर होंगे। वहीं, ज्यादातर पार्षदों ने विकास शुल्क प्रति गज 300 रुपये रखे जाने की बात कही है, जो निगम के सदन द्वारा प्रस्ताव भी पास किया हुआ है।
637 एकड़ में बसी हैं 50 कॉलोनियां, डेढ़ लाख लोग होंगे प्रभावित
करनाल शहर में वैसे तो 67 एकड़ में अवैध कॉलोनियां बसी हैं, जो आबाद हो चुकी हैं। इन कॉलोनियों में करीब दो लाख लाख लोग रहते हैं। हालांकि, नगर निगम ने 50 कॉलोनियों का सर्वे कराकर प्रदेश सरकार के पास भेजा हुआ है। हालांकि, इनमें से सात कॉलोनियों के कागजों में कुछ कमियां पाई गई हैं। इसलिए इनको पेंडिंग में डाल दिया गया, जबकि 43 कॉलोनियों को वैध करने को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शेष सात कॉलोनियों के कागजों को पूरा करने के लिए अर्बन लोकल बॉडी की तरफ से दोबारा मौका दिया जा सकता है। बता दें कि 50 कॉलोनियों में करीब डेढ़ लाख लोग रहते हैं और इनका एरिया करीब 637 एकड़ है।
कौन सी कॉलोनी है कितने एकड़ में
कॉलोनी : एकड़
बसंत बिहार 59
इंदिरा कालोनी 13
लोदा गामड़ी 0.3
प्रीतमपुरा 11
आरके पुरम 11
कृष्णा कांपलेक्स 3
एलआईसी पार्ट-2 1
पालम कालोनी 27
एसपी कालोनी 15
रोड़ कालोनी 5
डीसी कालोनी 5
बैंक कालोनी 20
पुरानी दुर्गा 17
न्यू दुर्गा 8
नरेंद्र कालोनी 16
उत्तम नगर 22
सरस्वती विहार 3
पृथ्वी विहार 26
एमसी कालोनी 3
अशोक कालोनी 18
विकास कालोनी 35
कृष्णा कालोनी मेरठ रोड 5
गोपी गामड़ी 3
राजीवपुरम 67
विजय नगर 6
मोती नगर 3
इंदिरा कालोनी झंझाड़ी 6
भाट कालोनी 5
मंगल कालोनी 10
लवकुश कालोनी 2
श्रीराम कालोनी 2
महाबीर कालोनी 10
हकीकत नगर 24
गप्पू वाला बाग 2
डिंगा खेड़ा 2
गुरुनानकपुरा (चार पार्ट) 35
यमुना विहार 15
पाल नगर 11
सैदपुरा 2
संजय कालोनी 1
विकास नगर 56