संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण स्टेडियम के मुख्य बॉक्सिंग कोच सुरेंद्र चौहान अब तक करीब 10 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर चुके हैं। इनमें से निशांत देव 2024 में पेरिस ओलंपिक और 2025 में घाना में अपने पंच का दम दिखा चुके हैं। कोच सुरेंद्र ने 2024 के अप्रैल माह में आयोजित आईबीए (इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन) वन स्टार कोच का कोर्स पूर्ण ऑनलाइन माध्यम से पूरा किया था। इस कोर्स के बाद अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर इंटरनेशनल कोच का दर्जा हासिल कर चुके हैं।
सुरेंद्र ने बताया कि सुबह के समय 50 से 60 खिलाड़ी रोजाना अभ्यास के लिए आते हैं। शाम को अभ्यास का समय चार से सात बजे का है। इस दौरान 120 से 130 खिलाड़ी अभ्यास के लिए रोजाना आते हैं। दो सत्रों में हम तीन कोच रवि लाठर, संदीप कुमार मिलकर अभ्यास करवाते हैं। हमने खिलाड़ियों व उनके अभिभावकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप तैयार कर रखा है। सप्ताह का प्लान उस ग्रुप में डाल दिया जाता है जिससे खिलाड़ियों व अभिभावकों को अंदाजा लग जाता है कि उन्हें सप्ताह में कौन सा अभ्यास करना है।
अभ्यास के बाद खिलाड़ियों को उनकी कमियां व उन्हें दूर करने की बारीकियां भी सिखाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि अकादमी में प्रशिक्षण ले रही मानसी मलिक और तमन्ना एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर आई हैं। समीर ने प्रदेश स्तर की स्कूली प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत कर प्रदेश व जिले का नाम रोशन किया। कर्ण स्टेडियम में सुबह पांच से सात बजे तक युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।